नशा मुक्त चुनाव से ही सुरक्षित होगा युवाओं का भविष्य : ज्ञान विज्ञान समिति
लेहसर पंचायत से शुरू हुआ “जागरूक मतदाता-सुरक्षित भविष्य” अभियान
मनोज चंदेल -अनंत ज्ञान -योल
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति धरमशाला ब्लॉक की ओर से शनिवार को योल कस्बे की लेहसर पंचायत से “नशा मुक्त चुनाव-जागरूक मतदाता, सुरक्षित भविष्य, ईमानदार वोट-बेहतर आज और उज्ज्वल कल” अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने लोगों को नशा मुक्त एवं स्वच्छ चुनाव के प्रति जागरूक किया।
समिति के ब्लॉक सेक्रेटरी मनोज चंदेल और अध्यक्ष स्वर्णलता की अगवाई में निकले डेलिगेशन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनावों के दौरान कई बार उम्मीदवार वोट हासिल करने के लिए शराब, नशीले पदार्थ और पैसे बांटने जैसे गलत तरीकों का सहारा लेते हैं। यह केवल वोट खरीदने का मामला नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बर्बाद करने वाला गंभीर अपराध है।
वक्ताओं ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने के बाद कई युवा अपराध, हिंसा और गलत रास्तों की ओर बढ़ जाते हैं। नशा परिवारों में झगड़े, आर्थिक संकट और सामाजिक अस्थिरता का कारण बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागरूक मतदाता बनें और नशा मुक्त चुनाव अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति प्रदेशभर में लोगों को जागरूक कर रही है ताकि लोकतंत्र को स्वच्छ और समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष परमिंदर सिंह, सदस्य उपेंद्र, उर्मिला राणा, चंद्र रेखा, राकेश मराठा, शारदा जी सहित योल क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।