योल बाजार व्यापार मंडल की ओर से आज एक महत्वपूर्ण प्रेस नोट जारी किया गया, जिसमें बाजार के खाद्यान्न वस्तुओं से जुड़े व्यापारियों के साथ अनिल गैस एजेंसी द्वारा किए जा रहे कथित सौतेले व्यवहार पर गहरी चिंता व्यक्त की गई है।



व्यापार मंडल के अनुसार, योल बाजार में लगभग 8 से 10 खाद्यान्न संबंधित दुकानें हैं, जो पिछले कई वर्षों से अनिल गैस एजेंसी के माध्यम से एचपी गैस के कमर्शियल सिलेंडर प्राप्त करती रही हैं। एजेंसी की सप्लाई व्यवस्था पहले सुचारू और संतोषजनक थी, जिसके कारण सभी व्यापारी उसी पर निर्भर थे।
किन्तु पिछले लगभग 80–90 दिनों से गैस आपूर्ति की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई है। व्यापारियों का आरोप है कि एजेंसी द्वारा उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। आज स्थिति यह है कि किसी भी व्यापारी को नियमित रूप से एक भी कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जबकि जानकारी के अनुसार एजेंसी के गोदाम में हजारों सिलेंडर की आवक हो चुकी है और प्रतिदिन एक या दो छोटी गाड़ियों के माध्यम से अन्य स्थानों पर सप्लाई भी की जा रही है।
व्यापार मंडल ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में योल बाजार में एक गाड़ी आई, जिसने केवल एक दुकान को ₹3200 में सिलेंडर दिया और बिना बिल प्रदान किए ही वापस चली गई। यह घटना पारदर्शिता और नियमों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
कुछ दिन पूर्व योल बाजार के व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने धर्मशाला में डीएफसी महोदय से भी मुलाकात की थी, जहां उन्हें आश्वासन दिया गया था कि एक-दो दिनों में सप्लाई बहाल कर दी जाएगी, किन्तु आज तक कोई भी गाड़ी योल बाजार नहीं पहुंची।
व्यापार मंडल ने सवाल उठाया है कि आखिर योल बाजार के व्यापारियों के साथ ऐसा भेदभावपूर्ण व्यवहार क्यों किया जा रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में नियमित सप्लाई जारी है।
इस संदर्भ में व्यापार मंडल ने निर्णय लिया है कि कल मंडल के पदाधिकारियों के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीसी महोदय से भेंट करेगा और इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग करेगा। इसके अतिरिक्त एक लिखित ज्ञापन डीएससी, एचपी गैस के क्षेत्रीय प्रबंधक, अनिल गैस एजेंसी तथा पुलिस चौकी योल को भी सौंपा जाएगा।
यदि इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होता है, तो व्यापार मंडल द्वारा आगामी समय में आंदोलन का मार्ग अपनाने पर भी विचार किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों एवं एजेंसी की होगी।
व्यापार मंडल योल बाजार

Popular posts from this blog

फिरसे विधानसभा का घेराव करने क़ो तैयार हिमाचल जल शक्ति विभाग पैरा कर्मचारी

धर्मशाला में कांग्रेस को लगा जोर का झटका, एकसाथ 50 परिवार भाजपा में शामिल, सुधीर शर्मा बोले, आपका स्वागत है

भारतीय संस्कृति केवल संस्कृत भाषा में ही विद्यमान है