वेद मन्दिर, योल में चल रहे 78 दिवसीय चारों वेदों के यज्ञानुष्ठान के 33वें दिन स्वामी राम स्वरूप जी, योगाचार्य ने ऋग्वेद मन्त्र 10/20/1 से समझाया,
धार्मिक समाचार
"भद्रम् नो अपि वातय मनः" अर्थात् हे प्रभु! हमारे मन को कल्याण मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित कर। यह ईश्वर से प्रार्थना है परन्तु चारों वेदों में भगवान् ने यह उपदेश किया है कि केवल प्रार्थना से भगवान् प्रसन्न नहीं होता, प्रार्थना के अनुकूल शुभ कर्म भी करना होता है। अतः मन को वेद मार्ग पर चलाने का अभ्यास ही मन को जीवात्मा के वश में करता है। जैसे अथर्ववेद मन्त्र 6/41/1 में उपदेश है कि "मनसे" अर्थात् मन के द्वारा वेद मन्त्रों का मनन- चिंतन करना और "चेतसे" अर्थात् ज्ञान प्राप्ति के लिए, शुद्ध चित्त के लिए, "धिय" शुद्ध बुद्धि की प्राप्ति के लिए जिससे ध्यान लगे "वयम् हविषा विधेम" अर्थात् हम परमात्मा के लिए अग्निहोत्र/यज्ञ करते हैं। और वेदों में उपदेश किए हुए शुभ कर्म ही करते हैं, वेद विरुद्ध अशुभ कर्म नहीं करते। आगे मन्त्रों में ज्ञान है कि हम क्रोध को पैर से ठुकरा दें, कड़वे वचन न बोलें। ऐसे शुभ कर्म करने से बुराई से मन हट जाता है। अगले सूक्त 45 में उपदेश है कि हम प्रयासपूर्वक भी मन में पाप विचार आने पर उसका त्याग करें और शुभ कर्म में मन लगाएँ और विद्वान् से वेद ज्ञान प्राप्त करें।
स्वामी जी ने पुनः कहा कि सुख-शान्ति, धन-सम्पदा और सुखी गृहस्थ तथा मोक्ष पाने के लिए भी यजुर्वेद अध्याय 34 के मन्त्रों को बार-बार अर्थ सहित जानें, इन मन्त्रों की चाहे केवल पाँच मन्त्रों से परमेश्वर की प्रार्थना भी करें और इनकी नित्य आहुति भी डालें तो मन पाप वृत्ति से हट जाता है। नित्य अग्निहोत्र/यज्ञ, योगाभ्यास वेद के विद्वान् से सीखें और करें। अतः परमेश्वर की नित्य उपासना अर्थात् वेद मन्त्रों से अग्निहोत्र/यज्ञ करना, दृढ़ता से मन में बुरे विचार न आने देना, वेद विद्या विद्वान् से प्राप्त करना, इससे मन अधर्म के कार्यों से हट जाता है और धर्माचरण में लग जाता है। 34वें अध्याय के उक्त मन्त्रों का भाव यही है कि हे परमेश्वर! मेरा मन वश में होए, अशुभ कर्मों का त्याग करे तथा वेदानुसार केवल शुभ कर्म करे। लोकवाणी में भी बड़ा अच्छा ज्ञान दिया है कि "मन जीते जग जीत" अर्थात् जिसने मन को वश में कर लिया उसने संसार को जीत लिया अथवा यह भी कहें कि इन्द्रियों को वश में कर लिया फलस्वरूप ही सुख-शान्ति, धन-सम्पदा, सुखी गृहस्थ की प्राप्ति होती है।
********