विधायक किशोरी लाल की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित
न्यूजहंट हिमाचल | बेजनाथ
नागरिक अस्पताल चढ़ियार में आज रोगी कल्याण समिति की बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने की। इस दौरान उन्होंने लगभग 12 लाख रुपये की लागत से नव कम्प्यूटरीकृत एक्स-रे मशीन का लोकार्पण भी किया जिसका संचालन कृष्णा डायग्नोस्टिक लैब द्वारा किया जाएगा। बैठक में समिति के कार्यों की प्रगति, अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक किशोरी लाल ने अपने संबोधन में कहा कि रोगी कल्याण समिति अस्पताल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है तथा इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा तथा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही डॉक्टरों की तैनाती भी की जाएगी।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों द्वारा अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए। अस्पताल प्रशासन द्वारा पूर्व में हुए खर्चों का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया जिस पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने स्पष्ट किया कि खर्चों में पारदर्शिता तथा योजनाओं के कुशल क्रियान्वयन से ही रोगी कल्याण समिति अपने उद्देश्यों को प्राप्त कर सकेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने अस्पताल में खराब पड़े सामान का शीघ्र ऑक्शन करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों का कुशलक्षेम जाना।
बैठक में अवगत करवाया गया कि हाल ही में अस्पताल में बिजली व्यवस्था, शौचालयों का सुधारीकरण, टीबी जांच के लिए आधुनिक उपकरणों की स्थापना तथा भवन में पेंटिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष पेंटिंग कार्य को भी शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
उन्होंने अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए 50 हजार रुपये तथा पेयजल व्यवस्था को सुचारू करने के लिए भी आवश्यक धनराशि प्रदान करने की घोषणा की।
बैठक में अस्पताल परिसर में एक हर्बल गार्डन विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलावर सिंह देओल, खंड स्वास्थ्य पर्यवेक्षक रवि स्याल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण अजय सूद, सहायक अभियंता राहुल ठाकुर, रमेश चड्डा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी, रोगी कल्याण समिति के सदस्यगण एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
