मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान से शाहपुर में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा : केवल सिंह पठानिया
न्यूजहंट हिमाचल | शाहपुर
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रैत में आज “मेरा बूथ सबसे मजबूत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं प्रदेश उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। कार्यक्रम में शाहपुर विधानसभा के 126 बूथों से आए बूथ प्रभारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उनका ध्येय शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को मॉडल विधानसभा के रूप में स्थापित करना है और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में क्षेत्र निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास कार्यों और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के बल पर शाहपुर प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनने की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव शीघ्र होने वाले हैं, ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय हो जाएं और हर वार्ड, पंचायत व क्षेत्र में संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल मंत्र सत्ता नहीं, बल्कि जनसेवा, विश्वास और जनता के बीच सतत उपस्थिति है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि बूथ तभी मजबूत होगा, जब कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़े होंगे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शाहपुर ब्लॉक कांग्रेस में प्रबुद्ध और समर्पित लोगों का मजबूत संगठन है, जिसका सहयोग निरंतर मिलता रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि आमजन को कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सही जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के तीन वर्ष के विकास कार्यों और उपलब्धियों से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। केवल सिंह पठानिया ने बूथ प्रभारियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस प्रचार सामग्री को घर-घर पहुंचाएं, ताकि आमजन को कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, योजनाओं और ऐतिहासिक निर्णयों की जानकारी मिल सके।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार ने हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा है और जनहित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा ने विधायक केवल सिंह पठानिया का स्वागत करते हुए कहा कि उनके सक्रिय नेतृत्व और जनसेवा की भावना से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र निरंतर उन्नति की ओर बढ़ रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस महासचिव प्रदीप बलौरिया ने मुख्यातिथि सहित सभी बूथ प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस के विभिन्न अग्रणी संगठनों के प्रभारी, बूथ प्रभारी, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
