दस मार्च के बाद होगा मंत्रिमंडल में फेरबदल : जयराम

न्यूज़हंट हिमाचल ब्यूरो। शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का परिणाम दस मार्च को आएगा, लिहाजा इसके बाद ही मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा।
शिमला स्थित गेयटी थियेटर में शनिवार को साहित्य सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मिशन रिपीट के लिए जो भी कदम उठाने आवश्यक होंगे, ऐसे सभी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना है। फेरबदल का आधार परफारमेंस आधारित रहेगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं की जांच की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति इसमें संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन उससे पहले तथ्यों की पूरी तरह से गहन छानबीन की जाएगी।

नड्डा से दो घंटे की थी मुलाकात

दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मुलाकात दो घंटे हुई थी। नड्डा उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार से लौटे थे और दोनों के बीच लंबी मंत्रणा को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि मिशन रिपीट सुनिश्चित करने के लिए सरकार व संगठन के स्तर पर फेरबदल किया जाएगा। मौजूदा मंत्रिमंडल से तीन चेहरों को हटाकर नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। जो मंत्री विवादित चल रहे हैं, उनके मंत्री पद जा सकते हैं। सबसे पहले परफारमेंस के आधार पर समीक्षा होगी।

चार उपचुनावों की हार के बाद नहीं हुई थी कार्रवाई

पिछले साल प्रदेश में हुए चार उपचुनावों में भाजपा को मिली करारी हार के लिए जिम्मेदार मंत्रियों व संगठन पदाधिकारियों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। भाजपा आलाकमान का पूरा ध्यान पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव पर केंद्रित है। तीन प्रभारी कैबिनेट मंत्री हार टालने में नाकाम रहे थे। कई नेताओं पर पार्टी विरोधी गतिविधियां संचालित करने की आशंका जताई गई थी।

Popular posts from this blog

इंडियन ऑयल ऊना ने चलाया वृक्षारोपण अभियानविभिन्न हितधारकों के साथ किया पौधरोपण

*नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल ने विधानसभा में किया विरोध*

शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण : डीएसपी कांगड़ा